देश-दुनिया

छठ पूजा के लिए उमड़े उतरांचल, बिहार के लोग

युवतियां सिर पर पंच मेवा व ठिकुआ का प्रशाद लेकर पहुंची

राजेंद्र कुमार
सिरसा। हरियाणा में सिरसा शहर के पास से गुजर रही नहर पर आज हजारों की संख्या में उतरांचल व बिहार राज्यों के लोग छठ पूजा उमड़े। छठ मैया की पूजा के लिए इनके परिवारों की महिलाएं व बच्चे नये कपड़े पहन सज संवर कर यहां पहुंचे। इन लोगों द्वारा पूजा करने के लिए जय माँ सरस्वती सेवा समिति,उतरांचल सेवा समिति व बिहार सेवा समिति के पदाधिकारी पिछले सप्ताह से ही तैयारियों में जुटे थे। रात्रि को भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें बिहार से मशहूर गायक अरविंद अलबेला अपनी प्रस्तुति देंगे।

सिरसा शहर के करीब नहर किनारे छठ मैया का पूजन करती महिलाएं।

पूर्वाचंल सेवा समिति के प्रधान प्रकाश गुप्ता व जय माँ सरस्वती सेवा समिति के सरंक्षक मुन्ना गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने छठ माता की पूजा के लिए नहर किनारे कल ही अपना-अपना स्थान निर्धारित करते हुए पिंडी बना दी थी। छठ पूजा के लिए निर्जला व्रत पर रही महिलाओं के परिवारोंं की युवतियां सिर पर पंच मेवा व ठिकुआ का प्रशाद लेकर पहुंच रही थीं। व्रत पर रही महिलाएं व पुरूष आज शाम को सूर्यास्त व सुबह सूर्यादय के समय अघ्र्य देंगी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उनका महापर्व है। इस रोज महिलाएं व पुरूष मन्नते मांगते हैं व उनके पूर्ण होने पर अगले वर्ष धूमधाम से पूजन करते हैं।

सिरसा शहर के करीब नहर किनारे छठ मैया का पूजन करती महिलाएं।

उन्होंने बताया कि अकेले सिरसा में करीब 30 हजार लोग इस आयोजन के गवाह बनेंगे। पंच मेवा की टोकरी लेकर पहुंची युवती कामिनी,मुस्कान व पूजा ने बताया कि वे पारिवारिक परंपरा के अनुसार यह टोकरी लेकर महापर्व के पूजा स्थल पर पहुंची है। जय माँ सरस्वती सेवा समिति के प्रधान रामशरण ने बताया कि उन्होंने सवा क्विंटल का प्रशाद तैयार किया है जिससे यहां वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे पिछले सोलह वर्ष से यह आयोजन कर रहे हैं। इस महापर्व के आयोजन के लिए करीब दस एकड़ जगह की आवश्यकता है,राज्य सरकार को चाहिए कि उन्हें भूमि मुहैया करवाए। उन्होंने बताया कि करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में उन्होंने सिरसा माईनर की अपने स्तर पर सफाई कर पूजन योग्य बनाया है। रविवार बाद दोपहर महिलाओं ने पूजा अर्चना आरम्भ कर दी थीं।

Related Articles

Back to top button