” ललकार रैली” कर्मचारियों का महा कुम्भ : करनाल बनेगा कुरुक्षेत्र,
विशाल होगी करनाल में महासंघ की ललकार रैली
भिवानी। हरियाणा कर्मचारी महासंघ की 12 दिसम्बर को करनाल में होने वाली ललकार रैली की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा यह रैली संख्या के लिहाज से विशाल रैली होगी। यह जानकारी देते हुए हरियाणा कर्मचारी महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता जयवीर नाफरिया ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों से करनाल रैली में पहुंचने के लिए बसों व अन्य गाडिय़ों का प्रबंध कर लिया गया है। भिवानी से सभी खंडों से व्यक्तिगत साधनों द्वारा बड़ी संख्या में कर्मचारी पहुंचेंगे तथा भिवानी मुख्यालय से बसों की व्यवस्था की गई। इस रैली में प्रदेश से हजारों की संख्या में कर्मचारियों के पहुंचने की उम्मीद है।
इस कर्मचारी सम्मेलन को हरियाणा कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा, प्रदेश महासचिव सुनील खटाना, रोडवेज के प्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल व महासचिव जयवीर घनघस, अध्यापक संघ के वरिष्ठ उपप्रधान संदीप शर्मा, महासचिव राजेशशर्मा, समीर सांगवान, बिजली बोर्ड यूनियन महासचिव यशपाल देशवाल, अमरजीत कौर, सुशीला ढांडा, जनस्वास्थ्य यूनियन के महासचिव नरेंद्र, म्युनिसिपल कार्पाेरेशन एम्पालाइज फैडरेशन यूनियन से रमेश जागलान, महासंघ के उपाध्यक्ष सूरजमल लेघां, हरीश गोच्छी समेत हरियाणा कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ नेता सम्बोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि रैली करनाल के हुडा ग्राऊंड सैक्टर 12 में सुबह 10 बजे आयोजित होगी। प्रदेश के सभी कर्मचारियों से अपील है कि करनाल में भारी संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज को बुलंद करें।