दुर्लभ साप्ताहिक सत्संग के उपलक्ष्य में निकाली कलश यात्रा
जीवन जीने की कला सिखाती है श्रीराम कथा: विजयानंद गिरि महाराज

राजेंद्र कुमार
सिरसा। गीता प्रचार समिति सिरसा की ओर से एक सिंतबर से सात सितंबर तक आयोजित किए जा रहे दुर्लभ सत्संग के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा को युवा कांग्रेस नेता मोहित शर्मा ने झंडी देकर रवाना किया।
गीता प्रचार समिति के अध्यक्ष वेदभारती ने बताया कि कलश यात्रा फ्रेंडस कॉलोनी स्थित पंचमुखी धाम मंदिर से रवाना हुई और वहां से जीटीएम, रियल इस्टेट होते हुए कथा स्थल पर आकर संपन्न हुई।
कलश यात्रा में 151 महिलाओं, युवतियों व पुरुषों ने निशान ध्वजाएं व सिर पर कलश लेकर भजन गायन के साथ यात्रा में भाग लिया और पुण्य कमाया। श्रद्धेय स्वामी विजयानंद गिरि महाराज (ऋषिकेश वाले) ने कहा कि रामकथा लोगों को जीवन जीने की कला सिखाती है। दुर्लभ मानव शरीर के पाने के बाद जीवन जीने के लिए लोगों को श्रीराम कथा से जुडऩे की अत्यंत आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि गीता योग का ग्रंथ है और श्रीमद्भागवत वियोग का ग्रंथ है, लेकिन श्रीरामचरितमानस जीवन में प्रयोग का ग्रंथ है। श्रीराम कथा सुनकर हम स्वर्ग जाएंगे इसकी गारंटी नहीं है, लेकिन श्रीराम कथा से अपने जीवन को स्वर्ग जरूर बना सकते हैं। श्रीराम कथा से इस बात की गारंटी नहीं हो सकती है कि आपकी मृत्यु के बाद आपको स्वर्ग ले जाने के लिए कोई विमान आएगा, लेकिन श्री रामकथा को अपने जीवन में उतारने से स्वर्ग जाने के लिए किसी विमान की जरूरत नहीं होगी।
अध्यक्ष वेद भारती ने बताया कि भजन संकीर्तन का समय सांय 3.30 बजे से 4.30 बजे तक रहेगा। जबकि सत्संग सांय 4.30 बजे से सांय 6.30 बजे तक चलेगा। अध्यक्ष वेद भारती व सतीश शर्मा ने बताया कि 7 सितंबर को रात्रि 10 बजे से 12.30 बजे तक कथा स्थल पर जन्माष्टमी उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने सभी धर्मप्रेमी सज्जनों से आह्वान किया कि वे सत्संग में समय पर आकर सत्संग श्रवण कर पुण्य के भागी बनें। इस मौके पर कृष्ण गुंबर, हरिओम भारद्वाज, सतीश शर्मा, पंकज शर्मा, राजेंद्र शर्मा, संजय गोयल, सुनील बत्रा, अविनाश शर्मा, रमन शर्मा, सोनू शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।