चंडीगढ़, 1 दिसंबर – राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविधालय, देहरादून के जुलाई, 2025 से शुरू होने वाले सत्र के लिए आज सैनिक और अर्ध सैनिक कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा जिला पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित राजकीय पी.जी. महिला महाविद्यालय में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में हरियाणा राज्य के 334 परिक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय, देहरादून की स्थापना 1922 में की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय लड़कों और लड़कियों को गुणवत्ता पूर्ण समग्र शिक्षा प्रदान करना था। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद, राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्याल, देहरादून एक उद्गम स्थल बन गया है, जहां राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला, अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी, चेन्नई और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून जैसी संस्थाएं स्थापित हुई हैं।
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय, देहरादून में 11 से 18 वर्ष की आयु के युवा लड़के तथा लड़कियों को सार्वजनिक स्कूल शिक्षा प्रदान करता है, जिन्हें विशेष रूप से एक अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से चयनित किया जाता है।