साहसिक सोच व निडरता ने भगत सिंह को बनाया स्वतंत्रता आंदोलन का महत्ववपूर्ण चेहरा : मोनू तालु
शहीद भगत सिंह की जयंती पर शहीद-ए-आज भगत सिंह सेवा ट्रस्ट ने किया नमन
शहीद भगत सिंह की जयंती पर विशेष
भिवानी, 28 सितंबर : शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर शहीद-ए-आज भगत सिंह सेवा ट्रस्ट शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहीद-ए-आज भगत सिंह सेवा ट्रस्ट के प्रधान मोनू तालु के नेतृत्व में अन्य युवाओं ने स्थानीय भगत सिंह चौक पर माल्यार्पण कर शहीद भगत सिंह को नमन किया। इसके उपरांत स्थानीय अनाथालय एवं वृद्धाश्रम में फल वितरित किए। इस मौके पर मोनू तालु ने कहा कि भगत सिंह जयंती हर वर्ष 28 सितंबर को मनाई जाती है। यह दिन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी भगत सिंह की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने अपने जीवन का बलिदान भारत को ब्रिटिश साम्राज्य से स्वतंत्र कराने के लिए किया था। वे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने और उनकी साहसिक सोच और निडरता ने उन्हें भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया। उन्होंने कहा कि इस दिन को लोग देशभक्ति और सम्मान के साथ मनाते हैं, कई स्थानों पर विशेष कार्यक्रम, भाषण और संगोष्ठियों का आयोजन होता है। स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों में भगत सिंह की देशभक्ति, विचारधारा और बलिदान को याद किया जाता है, और उनके द्वारा दी गई प्रेरणा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
मोनू तालु ने कहा कि आज युवाओं को जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर शहीद भगत सिंह द्वारा दिखाए हुए मार्ग पर चलना चाहिए। इस अवसर पर संजू भिवानी, रवि गुज्जर, पुनीत दलाल, सुमेर वर्मा, अशोक बुड़ानिया, अंकित सांगवान, बिन्नु तंवर, बंसी गिरी महाराज, गौरव शर्मा, राजकुमार दलाल, शंकर नर्सरी चंद्रमोहन, मनोज बॉक्सर, सुर्यांश राणा, सुशील इंदौरा, हर्ष भट्टी सहित अन्य युवा मौजूद रहे।