ब्रेकिंग न्यूज़
Trending

सेना में करियर बनाने में सफलता प्राप्त करने हेतु दृढ़ व अटल रहना तथा पूर्णतया ध्यान केंद्रित रखना अनिवार्य : लेफ्टिनेंट कर्नल संजय कुमार

लेफ्टिनेंट कर्नल संजय कुमार ने मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में कैडेट्स को दिए महत्वपूर्ण टिप्स

चण्डीगढ़ : आठवें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में लेफ्टिनेंट कर्नल संजय कुमार ने डिफेंस अभ्यर्थियों के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान निंबस डिफेंस एकेडमी, सेक्टर 34 के कैडेट्स को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में इन कैडेट्स का दौरा इनकी शिक्षा से संबधित कई जिज्ञासाओं को शांत करने में उपयोगी रहा व उनकी एनडीए की तैयारियों में सहायक सिद्ध होगा, ये कहना था एकेडमी के संचालक अजय सिंह गुलेरिया का। लेफ्टिनेंट कर्नल संजय कुमार ने उपस्थित कैडेट्स को सेना में उनके करियर बनाने में सफलता प्राप्त करने हेतु दृढ़ व अटल रहने तथा पूर्णतया ध्यान केंद्रित रखने की सलाह देने के साथ-साथ कई अन्य उपयोगी बातें बताई और साथ ही अपने साथ घटित अनेक अनुभवों को भी साँझा किया जो शिक्षार्थियों को उनके भविष्य में काम आएंगे।

इस अवसर पर कैडेट्स ने एविएशन कोर के विभिन्न अधिकारियों से बातचीत की, जो ग्राउंड यूनिट्स को समर्थन प्रदान करते हैं। इन अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव और तकनीकें बताईं। यह सत्र बेहद प्रेरणादायक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने न केवल अपने रक्षा सेवाओं से जुड़े संदेह दूर किए, बल्कि एक अधिकारी बनने का जोश और हौसला भी महसूस किया। अधिकारियों द्वारा दी गई मार्गदर्शन अमूल्य रही।

इसके साथ ही, कैडेट्स ने प्रदर्शित किए गए सैन्य उपकरणों को देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। वहां लगाए गए पुस्तक स्टालों में सैन्य इतिहास और भारतीय सैनिकों की बहादुरी की कहानियों से संबंधित किताबें भी थीं, जिन्हें विद्यार्थियों ने खरीदा। अजय सिंह गुलेरिया ने कहा कि ये किताबें उनके चुने हुए करियर पथ में मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए उन्हें और प्रेरित करेंगी।

उल्लेखनीय है कि यह वार्षिक कार्यक्रम पश्चिमी कमान, चंडीमंदिर और पंजाब सरकार द्वारा भारतीय रक्षा बलों की बहादुरी और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

Related Articles

Back to top button