ब्रेकिंग न्यूज़

स्त्री शक्ति दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा विचार गोष्ठी आयोजित

महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी भूमिका को उजागर करता है स्त्री शक्ति दिवस : डा. इंदु तंवर

भिवानी, 19 नवंबर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भिवानी द्वारा झांसी की महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को स्त्री शक्ति दिवस पर स्थानीय राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में, वैश्य महाविद्यालय में व लोहारू में नगर इकाई द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों एवं राष्ट्र उत्थान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान भी किया गया। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में जिला संयोजक सचिन शेखावत व नगर उपाध्यक्ष डा. इंदु तंवर ने, वैश्य महाविद्यालय में विभाग संगठन मंत्री राकेश हथो व इकाई अध्यक्ष प्रवेश राजपूत ने तथा लोहारू में नगर मंत्री अंशु सांगवान व इकाई मंत्री नीतिका ने विचार गोष्ठी को संबोधित किया।
स्त्री शक्ति दिवस पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए एबीवीपी जिला संयोजक सचिन शेखावत व डा. इंदु तंवर ने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं के योगदान ने यह सिद्ध किया है कि बिना उनकी सक्रिय भागीदारी के समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने शिक्षा और समाज सुधार, अर्थव्यवस्था में योगदान, राजनीति और प्रशासन, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रद्योगिकी, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं देश की तरक्की का आधार हैं, जब महिलाए सशक्त होगी तो देश स्वत: ही समृद्ध होगा।
विचार गोष्ठी के दौरान विभाग संगठन मंत्री राकेश हथो एवं इकाई अध्यक्ष प्रवेश राजपूत ने महारानी लक्ष्मी बाई के जीवन आदर्श पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई नारी सशक्तिकरण की प्रतिमूर्ति थी, जो भारतीय महिलाओं के समक्ष ऐसा आदर्श स्थापित करके विदा हुई, जिससे हर कोई प्रेरणा ले सकता है। ब्रिटिश शासन के अत्याचारों के विरुद्ध रानी लक्ष्मीबाई के साहस, संघर्ष और बलिदान की गाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। वहीं स्त्री शक्ति दिवस का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों, उनके अधिकारों और समाज में उनके महत्व को सम्मान देने के लिए स्त्री शक्ति दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं को सशक्त बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
इस अवसर पर मुस्कान जुनेजा, दीपांशु तिगड़ाना, अंशुमान कालुवासिया, कुलदीप ढाणा, विकास पालुवास, अमित, दीपक, नितिन, नेहा, दिव्या, प्रतिभा, पूजा, अभिषेक व अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button