ब्रेकिंग न्यूज़

मां के कोख से ही महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी जैसे महान योद्घा पैदा हुए : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर में सेवा संकल्प दिवस पर मां शब्द के 51 फुट विराट रूप की रखी आधारशिला ।

चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र,(राणा)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व प्रसिद्घ श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर के प्रांगण में मां शब्द के 51 फुट विराट व अदभुत स्वरूप के निर्माण से मंदिर की महिमा और बढ़ेगी। इस मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालु मां के इस महा गौरव स्थल से प्रेरणा लेकर जाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर में सेवा संकल्प दिवस नववर्ष अभिनंदन समारोह वर्ष 2025 में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस विश्व प्रसिद्घ श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर में पीठा अध्यक्ष सतपाल शर्मा जी महाराज ने परम्परा अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूजा अर्चना करवाई और अंग वस्त्र भेंट किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर में स्थापित शक्तिपीठ पर मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख शांति और उन्नति के लिए कामना की है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर के प्रांगण में पीठा अध्यक्ष सतपाल शर्मा जी महाराज के विशेष प्रयासों से मातृशक्ति को समर्पित मां शब्द के 51 फुट विराट व अदभुत स्वरूप परियोजना का शुभारंभ किया और नीव भी रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने महा गौरव स्थल पर भूमि पूजन करने के बाद यज्ञ में आहुति डाली। यहां पर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने मां को समर्पित महा गौरव स्थल प्रोजेक्ट के मॉडल का अवलोकन किया और डाक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से इस प्रोजेक्ट को देखा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, पीठा अध्यक्ष सतपाल शर्मा जी महाराज, मां भद्रकाली शक्तिपीठ से शिमला देवी,मुख्य यज्ञमान विजय सहगल, मां भद्रकाली सेवा मंडल के अध्यक्ष नरेन्द्र वालिया के साथ महा गौरव स्थल की परिक्रमा भी की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश के 52 महाशक्ति पीठों में से कुरुक्षेत्र के श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर के प्रांगण में मां शब्द के विराट व अदभुत स्वरूप की स्थापना के लिए भूमि पूजन कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। मां एक शब्द ही नहीं अपितु मां एक ममता, प्रेरणा और प्रेम का अनोखा संगम है। इस संसार में हर साधन व संसाधन की पूर्ति हो सकती है लेकिन मां शब्द की पूर्ति कभी नहीं हो सकती। इस मां के कारण ही हिन्दु राष्ट्र की स्थापना हुई और इस मां के कोख से ही महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी जैसे महान योद्घा पैदा हुए, इसलिए मां की कल्पना का संसार असीमित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से गुरुग्राम में देश का नाम रोशन करने वाले अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों की माताओं को सम्मानित किया गया, मां सावित्रीबाई फूले के जयंती समारोह में मां को सम्मान देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अब कुरुक्षेत्र की पावन धरा से पूरे विश्व को मां के अदभुत और विराट स्वरूप से प्रेरणा मिले ऐसी परियोजना को अमलीजामा पहनाने का कार्य किया गया है। इसके लिए श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर के पीठा अध्यक्ष सतपाल जी महाराज और सभी भक्तजन बधाई के पात्र है। इस परियोजना के पूरा होने से इस मंदिर की महिमा और बढ़ेगी तथा देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मां से आशीर्वाद लेने के साथ-साथ प्रेरित होने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर से लम्बे समय से जुड़े हुए है और मां के आशीर्वाद से प्रदेश के नागरिकों की सेवा करने का अवसर मिला है। इस विश्व प्रसिद्ध मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है और यह मंदिर कुरुक्षेत्र की पूरे विश्व में पहचान बनाने में अहम भूमिका अदा कर रहा है।

Related Articles

Back to top button