ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा सदस्यता अभियान में जनता का जोश, हर बूथ पर 250 सदस्य बनाने का लक्ष्य – पालेराम गुर्जर

भिवानी, 16 नवम्बर। भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर जनता में उत्साह का माहौल है। यह विचार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पाले राम गुर्जर ने गांव सगवान में ग्रामीणों से बातचीत करते हुए व्यक्त किए। गुर्जर ने कहा कि इस सदस्यता अभियान से भाजपा जमीनी स्तर पर ऐतिहासिक रूप से मजबूत होगी, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 20,629 बूथ हैं, और हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। पाले राम गुर्जर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस सदस्यता अभियान को संगठन के महापर्व के रूप में मनाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सदस्य बनाने के लिए चार तरह की व्यवस्थाएं की हैं, जिनमें ऑनलाइन पंजीकरण, नमो एप, क्यूआर कोड, और फॉर्म भरने की सुविधाएं शामिल हैं। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और पार्टी की विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। उनके समर्पण के कारण हरियाणा में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनी है। गुर्जर ने बताया कि हरियाणा में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने आगे कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है, और भाजपा में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है, जिससे लोग भाजपा से जुड़कर गौरव का अनुभव करते हैं।
गुर्जर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संकल्प और विकास योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने शपथ लेने के साथ ही हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया है। भाजपा अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरी तरह से निभाने के लिए प्रतिबद्ध है, और जनहित के कार्यों के माध्यम से प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए तत्पर है।

Related Articles

Back to top button