बीजेपी को नकार चुकी है हरियाणा की जनता: चंद्रमोहन
पंचकूला से चंद्रमोहन को टिकट मिलने से कांग्रेस की जीत पक्की
जंगशेर राणा चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन को पंचकूला से कांग्रेस की टिकट मिलने से पार्टी की जीत पक्की मानी जा रही है। राजनीतिक समीक्षकों का कहना है कि पिछली बार कांग्रेस पार्टी की स्थितियां अनुकूल न होने के बावजूद चंद्रमोहन पंचकूला से काफी कम वोटों से ही पीछे रह गए लेकिन इस बार राजनीतिक समीकरण कांग्रेस के पक्ष में है और चंद्रमोहन ने पिछले 5 वर्षों तक सत्ता से दूर रहकर भी पंचकूला की जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। इसलिए इस बार पंचकूला विधानसभा क्षेत्र का समीकरण चंद्रमोहन के पक्ष में है और उनको टिकट मिलने से इस सीट से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। बता दे कि पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई का पारिवारिक व व्यक्तिगत राजनीतिक सफर हरियाणा के दिग्गज नेताओं के समतुल्य है। चंद्रमोहन पूर्व उप मुख्यमंत्री के साथ कालका से लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। चंद्रमोहन की सफलता और कार्य कुशलता को देखकर कांग्रेस ने पंचकूला से उन्हें उम्मीदवार बनाया है। चंद्रमोहन ने 1993 में पहला उपचुनाव जीता था। इसके बाद 1996, 2000 और 2005 में भी चंद्रमोहन कांग्रेस के टिकट पर कालका सीट से चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं। इसके बाद वर्ष 2009 और 2014 में उन्हें मौका नहीं मिला। करीब 10 वर्ष बाद 2019 में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और मात्र 5 हजार वोटों से पीछे रह गए। लेकिन इस बार चंद्रमोहन काफी मजबूत स्थिति में हैं। इसका प्रमाण पंचकूला से उनके नामांकन के दौरान उमड़ी भारी भीड़ से मिला।
हरियाणा में बनेगी कांग्रेस सरकार, लौटेगी खुशहाली: चंद्रमोहन
पंचकूला से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रमोहन बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा की जनता बीजेपी को पूरी तरह से नकार चुकी है। बीजेपी सरकार ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में विकास को दरकिनार करने के साथ पोर्टल सिस्टम लागू कर प्रदेश की जनता को एकमात्र गुमराह करने का काम किया है, प्रदेश के नागरिकों को सब कुछ मालूम हो चुका है। जनता कांग्रेस की तरफ आशावादी निगाहों से देख रही है। इस बार प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी और प्रदेश में खुशहाली लौटेगी। चंद्रमोहन ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने पंचकूला की जनता को ठगने का काम किया है। पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाने का भरोसा देकर बीजेपी ने जनता से छल किया है। इसका जवाब बीजेपी को 5 अक्टूबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस को जिताकर देगी। चंद्रमोहन ने क्षेत्र के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि पंचकूला का समग्र विकास ही हमारा संकल्प है।