भिवानी, 27 दिसंबर। पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे चौ. ओमप्रकाश चौटाला का 20 दिसंबर को निधन हो गया था। पूरे प्रदेश में उनकी अस्थि कलश यात्रा निकाली जा रही है जोकि सिरसा से रवाना हुई। यह यात्रा आज जाट धर्मशाला भिवानी में पहुंची। इस यात्रा के तहत विधायक अर्जुन चौटाला व विधायक आदित्य चौटाला पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की अस्थियों को लेकर भिवानी पहुंचे। इस दौरान इनेलो कार्यकर्ताओं व गणमान्य व्यक्तियों ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधायक अर्जुन चौटाला ने अपने दादा को याद करते हुए कहा कि पूरा प्रदश्ेा उनका परिवार है। इसलिए हर जिला में उनकी अस्थि कलश यात्रा जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ओमप्रकाश चौटाला जी सैद्धांतिक व्यक्ति थे। जिन्होंने पूरा जीवन किसान, मजदूर व कमेरे वर्ग के लिए संघर्ष किया तथा जनहित के कार्यो के लिए जेल भी गए। वे एक लौह पुरुष थे उन्होंने जनहित के कार्यों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि ये तो हमारा सौभाग्य है, हम इस परिवार में पैदा हुए हैं। विधायक आदित्य चौटाला बोले चौटाला साहब हमेशा कार्यकर्ताओं के लिए जिये और जेल गए।
उन्होंने कहा कि चौटाला साहब के आदेश पर हम भी कार्यकर्ताओं से पारिवारिक नाता रखेंगे।
इनेलो के प्रदेश महासचिव सुनील लांबा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने हरियाणा ही नहीं अपितु देश की राजनीति को नई दिशा व दशा देने का कार्य किया। सत्ता में रहते हुए हर वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को लागू किया जिसके कारण वे आज प्रदेश की जनता के दिलों में बसते हैं। इनेलो जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा ने कहा कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के निधन से प्रदेश जनता को निजी तौर पर भारी क्षति पहुंची है क्योंकि वे पूरे प्रदेश को अपना परिवार मानते थे। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, सोमबीर सिंह, पूर्व मंत्री डा.वासुदेव शर्मा, शशि रंजन परमार, डा.शिवशंकर भारद्वाज, लाल सिंह तंवर, इनेलो के प्रदेश महासचिव सुनील लांबा, जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा,कमल प्रधान, अशोक ढाणी माहू, अशोक , अनिल काठपालिया, निशांत ढांडा, गौतम सिंह, राजकुमार तिगड़ाना, संजय पार्षद, दिलबाग चेयरमैन, अशोक कड़वासरा, सचिन ग्रेवाल, प्रदीप सचिव, अनिल सांगवान, प्रदीप फोगाट, सूरजभान एसडीओ, मुख्तयार नाई, भूप सिंह, इंदु परमार, शारदा मिश्रा, रणसिंह श्योराण, मनजीत ढुल भी मौजूद थे।