प्रधानमंत्री दौरा : खूफिया विभाग सक्रिय, शहर में सुरक्षा बढ़ाई
एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचेंगे चंडीगढ़

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ आ रहे हैं। इससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उसके एक दिन बाद ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंच रहे हैं। 17 अक्टूबर को हरियाणा की नव निर्वाचित सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है। देश के दो सर्वोच्च पदों पर आसीन लोगों के कारण चंडीगढ़ में खूफिया विभाग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
17 अक्टूबर को पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन तैयारियों में जुट गए हैं। उनके संभावित रूट के अनुसार वे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से वो सेक्टर-3 स्थित हरियाणा निवास में विधायकों की बैठक लेंगे। इस दौरान किसी भी तरह से कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां तैयारी में जुट गई हैं। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी भी तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
आपातकालीन सुविधाएं अलर्ट मोड पर
लगातार दो दिन तक शहर में वीआइपी गतिविधियां होने के कारण शहर की सभी आपातकालीन सुविधाएं अलर्ट मोड पर रहेंगी। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पुलिस टीम हर समय तैनात नजर आएंगी। इसके अलावा पीजीआइ में भी आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है। अलग से एक वार्ड रिजर्व में रखा जाता है। इस दौरान पीजीआइ के भी दो रूट लगाए जाते हैं। संबंधित अधिकारी भी लगातार व्यवस्थाओं की अपडेट ले रहे हैं।
सुरक्षा में 400 से ज्यादा जवान तैनात
त्योहारी सीजन और वीआइपी दौरे के चलते शहर में अतिरिक्त पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। 16 और 17 अक्टूबर को शहर में कई जगह ट्रैफिक रूट भी डायवर्ट किए जा सकते हैं। चंडीगढ़ पुलिस की सिक्योरिटी विंग और ट्रैफिक पुलिस इसके लिए रूप रेखा बना रही है। जो रूट डायवर्ट किए जाएंगे, उसके बारे में लोगों को सूचित किया जाएगा। इसके अलावा चंडीगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी।