ब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशख्सियत

कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने में माहिर है: नायब सैनी

कुरूक्षेत्र में अभिनंदन समारोह में बोले नायब-लोगों का उत्साह बता रहा है कि प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी भाजपा सरकार

कुरूक्षेत्र,(राणा)। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने दावा किया है कि मनोहर सरकार में मैरिट और योग्यता के आधार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलती है। उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस ने सदा भ्रम फैलाकर राजनीति की है, लेकिन भाजपा की राजनीति जनहित के लिए है। मोदी-मनोहर शासन में देश और प्रदेश में गरीब कल्याण और सुशासन के लिए काम हो रहा है। उन्होंने का कि कांग्रेस की दुकान खाली हो चुकी है और अब उनकी दुकान में कोई सामान नहीं बचा है। पांच राज्यों में हो रहे चुनाव में भी कांग्रेस का सुपड़ा साफ होना तय है। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी कुरूक्षेत्र की रोड़ धर्मशाला में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, विधायक सुभाष सुधा, जिला अध्यक्ष रवि बतान, पूर्व सांसद कैलासो सैनी सहित तमाम भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने नायब सैनी का पगड़ी बांधकर स्वागत किया। कुरूक्षेत्र की 23 से ज्यादा सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष श्री सैनी का स्वागत और सम्मान किया। नागरिक अभिनंदन समारोह में स्वागत से गदगद नायब सैनी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे कुरूक्षेत्र के लोगों का सम्मान है और इसे कभी कम नहीं होने दूंगा। सम्मेलन को प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, विधायक सुभाष सुधा और जिला अध्यक्ष रवि बतान ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस को निशाना पर लेते हुए नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष के नेता बोलते हैं कि सरकार बनने पर चार-चार डिप्टी सीएम बनाएंगे। ऐसा बोलकर वे सिर्फ लोगों को गुमराह कर रहे हैं। श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस को कोई घास डालने वाला नहीं बचा तो इन्होंने यूपीए बनाया, जब यूपीए को जनता ने घास नहीं डाली तो अब घमंडिया गठबंधन बना लिया। उन्होंने कहा कि जैसे कपड़े बदलने से चेहरे नहीं बदलते, इनके वही चेहरे हैं जिनको जनता पसंद नहीं करती और नकार चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में देश व प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व गरीब कल्याण के क्षेत्र में मोदी-मनोहर की सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्रों को मिल रहा है। युवाओं को मैरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है।

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। मोदी सरकार की नीतियों के चलते भारत की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। मोदी के करिश्माई नेतृत्व में धारा-370 खत्म हुई, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। भाजपा सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना हर तरफ हो रही है। भाजपा सरकार में उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस व पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को मुफ्त खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है। भाजपा ने जनता को मूलभूत सुविधाएं देने का काम किया है। आज हर घर में नल से जल पहुंच रहा है।
सम्मेलन में बोलते हुए सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। लोगों की समस्याओं का तुरंत निदान हो रहा है। घर बैठे व्यक्ति को सम्मान मिल रहा है। भावांतर भरपाई योजना से किसानों की फसल का नुकसान सरकार वहन कर रही है। हरियाणा पूरे देश में सबसे ज्यादा फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला पहला राज्य है। आज भाजपा सरकार में हर व्यक्ति को सम्मान दिया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए तीसरी बार केंद्र में मोदी और हरियाणा में मनोहर सरकार बननी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे मोदी-मनोहर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने काम काम करें और लोगों को भाजपा की 9 साल की उपलिब्धयों को बताएं। श्री सैनी ने कहा कि प्रदेश के लोगों का उत्साह बता रहा है कि 2024 में मोदी-मनोहर के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुत से भाजपा की सरकार बनेगी और लोकसभा चुनाव में हरियाणा की दसों सीटों पर कमल खिलेगा।

Related Articles

Back to top button