कृष्ण बेदी को मिल सकती है प्रदेश सरकार में बड़ी जिम्मेदारी
नरवाना में कमल खिलाने का मिल सकता है बड़ा ईनाम
नरवाना व कैथल के लोग कर रहे कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग
प्रदीप दलाल चंडीगढ़ l
प्रदेश में चुनाव संपन्न हो चुके हैं और प्रदेश के चुनाव परिणाम सबकी उम्मीदों से बेहद अलग रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी जमीनी स्तर पर लोगों को साधने में कामयाब रही और इसका परिणाम उन्हें चुनाव में पूर्ण बहुमत के रूप में मिला। इन सबके बीच नरवाना में लंबे समय बाद कमल खिलाने वाले कृष्ण बेदी की बड़ी जीत के बाद उन्हें प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाने की सियासी अटकलें तेज हो चुकी हैं। इसके पीछे का कारण यह भी है कि उन्हें शाहाबाद से विशेष रूप से एकदम चुनावी समय में नरवाना की मुश्किल जिम्मेदारी दी गई और उन्होंने उस जिम्मेदारी को न केवल बखूबी निभाया बल्कि भाजपा की झोली में बड़ी जीत डाली। नरवाना की सीट पर सियासी पंडितों द्वारा लगातार प्रयास लगाए जा रहे थे कि इनेलो और कांग्रेस हावी है लेकिन उन्होंने जमीनी स्तर पर मजबूती के साथ लोगों को साधने का कार्य किया और भाजपा सरकार की योजनाओं के बारे में बताया।
उनके इन प्रयासों से नरवाना की हवा ही बदल गई और परिणाम स्वरुप नरवाना की सीट भाजपा की झोली में आ गई। अब कहा जा रहा है कि नरवाना से जुड़े पुरे कैथल जिले को साधने के लिए भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है क्योंकि वह लंबे समय से कैथल जिले की जिम्मेदारी को निभाते रहे हैं और अब उनकी जिम्मेदारी और भी ज्यादा हो जाती है जब कैथल की चार विधानसभा में से केवल एक पर भाजपा जीत दर्ज कर पाई है। नरवाना विधानसभा के लोगों ने ही नहीं बल्कि कैथल और प्रदेश के लोगों ने अब आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है कि जमीनी स्तर से जुड़े नेता कृष्ण बेदी को कैबिनेट मंत्री बनाया जाए। गौरतलब है कि कृष्ण बेदी राजनीतिक मैदान के मंझे हुए खिलाड़ी हैं और जब भी बीजेपी पार्टी को उनकी जरूरत पड़ी है, वह उस पर पूरी तरह खरे उतरे हैं। पूर्व में प्रदेश में राज्य मंत्री की भूमिका निभा चुके हैं और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव रहे हैं। हमेशा विपक्षियों पर मीडिया के माध्यम से हमलावर रहे हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का हुनर उनमें है। अब सियासी चर्चा का बाजार गर्म है कि उन्हें सरकार में कैबिनेट मंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है क्योंकि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लम्बे समय से जुड़े रहे हैं और आलाकमान का हमेशा उनपर हाथ रहा है। वे कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल व मुख्यमंत्री नायब सैनी के बेहद करीबी माने जाते है। कृष्ण बेदी के लिए सियासी हवा बेहद अनुकूल है और अगर उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है तो कोई आश्चर्यजनक बात नहीं होगी।