कला एवं संगीत के क्षेत्र में गोवर्धन आचार्य हुए पंडित गोपाल कृष्ण अवॉर्ड से सम्मानित
वर्षो की मेहनत एवं समर्पण का परिणाम होता कलाकार के लिए सम्मान : गोवर्धन आचार्य
भिवानी, 11 नवंबर : विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले गणमान्य लोगों को मंच के माध्यम से सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से भिवानी परिवार मैत्री संघ द्वारा भिवानी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में राधा स्वामी सत्संग दिनोद के संत हुजूर कंवर महाराज ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसी कड़ी में भिवानी निवासी गोवर्धन आर्य को कला एवं संगीत के क्षेत्र में पंडित गोपाल कृष्ण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर गोवर्धन आचार्य ने संत हुजूर कंवर महाराज एवं भिवानी परिवार मैत्री संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कलाकार के लिए इस प्रकार मंच के माध्यम से सम्मान मिलना गर्व की बात होती है। यह ना केवल उनके वर्षो की मेहनत एवं समर्पण का परिणाम होता है, बल्कि उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक योगदान को समाज द्वारा स्वीकृति और सराहना का प्रतीक भी होता है। आचार्य ने कहा कि ऐसे सम्मान से कलाकार को प्रेरणा मिलती है कि वह अपने कार्य में और निपुणता लाए और समाज के सांस्कृतिक विकास में योगदान दे। सम्मान पाकर कलाकार खुद को समाज और अपनी कला के प्रति और भी अधिक समर्पित महसूस करते हैं, जो उनके भविष्य के कार्यों को निखारने में सहायक होता है। गौरतलब होगा कि गोवर्धन आचार्य ने एक अध्यापक के रूप में 35 वर्षो तक शिक्षा जगत में नाम कमाया तथा शिक्षा विभाग द्वारा उन्हे श्रेष्ठ मुख्य अध्यापक के रूप में सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा कला जगत के क्षितिज पर देदीप्यमान सितारे की भांति स्थापित है। उन्होंने सांस्कृतिक,ख्सामाजिक एवं प्रशासन के कार्यक्रमों में लगभग 500 से अधिक मंच संचालन किए है।