कुरुक्षेत्र को न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर पर्यटन और आस्था के केंद्र के रूप में स्थापित करने का संकल्प : डीसी नेहा सिंह
सामाजिक संस्थाओं और आमजन का मिल रहा भरपूर समर्थन

रीना राणा चंडीगढ़
चंडीगढ़:-हरियाणा की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी, अब स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है। इस परिवर्तन के पीछे जिला उपायुक्त नेहा सिंह का नेतृत्व और उनका संकल्प है। डीसी नेहा सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र को न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर पर्यटन और आस्था के केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद नवीन जिंदल के शहर को विकसित करने के विजन को आगे बढ़ाते हुए नेहा सिंह ने बताया कि जिले में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उनके नेतृत्व में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। डीसी की इस पहल को देखकर सामाजिक संस्थाएं और आम जनता भी उनके समर्थन में आगे आई हैं, जिससे इस अभियान को और बल मिला है।
समस्याओं का समाधान शिविर से
नेहा सिंह ने जानकारी दी कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर विभाग द्वारा नियमित समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। ये शिविर जिला और उपमंडल स्तर पर रोजाना सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, मानव अधिकारों और नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
डीसी ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सेक्टर-13 स्थित कांग्रेस भवन के पास खाली जगह और कैलाश नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां गार्बेज प्वाइंट खत्म करने की योजना बनाई। थानेसर नगर परिषद के अधिकारियों को कड़ी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है।
हर डंपिंग प्वाइंट पर कड़ी नजर
नेहा सिंह ने कहा कि शहर के प्रत्येक डंपिंग स्थल और वार्डों में सफाई व्यवस्था की नियमित जांच की जाएगी। उनका उद्देश्य है कि कुरुक्षेत्र में किसी भी क्षेत्र को गंदगी के ढेर में तब्दील न होने दिया जाए।
डीसी के इन प्रयासों की चारों ओर सराहना हो रही है। सामाजिक संस्थाओं से लेकर आमजन तक, सभी ने उनके इस सकारात्मक दृष्टिकोण और मेहनत को सराहा है। उनका मानना है कि नेहा सिंह के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र न केवल स्वच्छता में बल्कि विकास और सौंदर्यीकरण में भी देशभर में एक मिसाल बनेगा।